
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बुधवार सुबह से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। कई स्थानों पर तेज वर्षा दर्ज की गई, जिससे नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है और कुछ क्षेत्रों में जनजीवन भी प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 14 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। विभाग ने विशेष रूप से 11 जुलाई को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दिन प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की आशंका जताई गई है।
पूर्वानुमान के अनुसार 8 जुलाई को कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। वहीं 9 और 10 जुलाई के लिए भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 11 जुलाई को सबसे अधिक प्रभावी बारिश की संभावना के चलते ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इसके बाद 12, 13 और 14 जुलाई को भी कई स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के समीप नहीं जाने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
