
शिमला, 27 जुलाई। हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन दिनों से सामान्य से कम वर्षा होने के कारण लोगों को कुछ राहत मिली है, लेकिन यह राहत अब अधिक समय तक नहीं रहने वाली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य में 28 जुलाई से एक बार फिर मौसम के सक्रिय होने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 28 से 31 जुलाई के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है, जिसके चलते ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में एक अगस्त तक वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है। रविवार (27 जुलाई) को बिलासपुर, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
28 जुलाई को इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
28 जुलाई को मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में भारी वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को नदी-नालों तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है। साथ ही मैदानी क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड की आशंका भी जताई गई है।
29 और 30 जुलाई को भी रहेगा असर
29 जुलाई को ऊना, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा, जबकि चंबा, सोलन और शिमला सहित अन्य क्षेत्रों में येलो अलर्ट रहेगा।
30 जुलाई को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा और कांगड़ा जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। वहीं कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
31 जुलाई तक जारी रह सकती है भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 31 जुलाई को भी प्रदेश के मध्य एवं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
