
नई दिल्ली। अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय की ‘स्टेट ऑफ वर्किंग इंडिया 2026’ रिपोर्ट में देश में युवाओं की बेरोजगारी को लेकर चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत में आज हर 10 में से 6 युवा बेरोजगार हैं, जबकि बेरोजगार युवाओं में बड़ी संख्या उच्च शिक्षित युवाओं की है।
रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 1983 में 20 से 29 वर्ष आयु वर्ग के स्नातक (ग्रेजुएट) युवाओं की संख्या लगभग 50 लाख थी, जो अब बढ़कर 6.3 करोड़ हो गई है। वहीं, इसी अवधि में बेरोजगार स्नातक युवाओं की संख्या 7 लाख से बढ़कर 1.1 करोड़ तक पहुंच गई है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि आज हर तीन बेरोजगार युवाओं में से लगभग दो के पास स्नातक की डिग्री है। यह आंकड़ा दर्शाता है कि उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि रोजगार सृजन की गति, कौशल विकास और उद्योगों की मांग के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किए बिना युवाओं की बेरोजगारी की चुनौती कम करना कठिन होगा। रिपोर्ट में सरकार और नीति-निर्माताओं से गुणवत्तापूर्ण रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा कौशल आधारित शिक्षा को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया है।
