
हिमाचल प्रदेश में प्राथमिक शिक्षकों की जेबीटी से टीजीटी पदोन्नति का मामला लंबे समय से लंबित होने से शिक्षकों में भारी निराशा है। मुख्यमंत्री की ओर से मंच से जल्द पदोन्नति सूची जारी करने की घोषणा किए जाने के बावजूद शिक्षा विभाग की ओर से अब तक इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो पाई है।
स्कूल शिक्षा विभाग में जेबीटी से टीजीटी तथा सीएंडडी से टीजीटी पदोन्नति के पैनल फरवरी 2026 में अंतिम रूप से तैयार किए जा चुके हैं। इसके बावजूद पदोन्नति आदेश जारी नहीं होने से शिक्षक वर्ग में रोष बढ़ता जा रहा है। संघ के प्रदेश महासचिव विजय हीर ने कहा कि प्रदेश में विभिन्न शिक्षक वर्गों की कुल 2101 पदोन्नतियां लंबे समय से लंबित हैं।
जारी पैनल में रिक्तियों के अनुसार जेबीटी से टीजीटी पदोन्नति के 563 पद शामिल हैं। इनमें टीजीटी कला के 364, टीजीटी मेडिकल के 53 और टीजीटी नॉन-मेडिकल के 146 पद हैं। वहीं, सीएंडडी से टीजीटी पदोन्नति के 189 पद लंबित हैं, जिनमें टीजीटी कला के 188 और टीजीटी नॉन-मेडिकल का एक पद शामिल है।
