
शिमला। हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंडी की भाजपा सांसद कंगना रनौत के Gen-Z को लेकर दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत के युवाओं को लेकर दिए विचारों का हवाला देते हुए कंगना पर निशाना साधा।विक्रमादित्य सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि RSS प्रमुख मोहन भागवत युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए उन्हें ‘जनरेशन Z’ के साथ जुड़ने की बात करते हैं, जबकि दूसरी ओर कंगना रनौत इसी युवा पीढ़ी को ‘गटर जनरेशन’ कहती हैं। उन्होंने कहा कि अब फैसला देश की जनता को करना है कि युवाओं को सम्मान और विश्वास देना सही है या उनका अपमान करना।कंगना के बयान पर उठाए सवालविक्रमादित्य सिंह ने कंगना के उस पुराने बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने Gen-Z के कुछ युवाओं पर शिक्षा, सोच और जीवनशैली को लेकर सवाल उठाए थे। कंगना ने युवाओं के एक वर्ग पर नशे, शराब और गैर-जिम्मेदार जीवनशैली को बढ़ावा देने जैसे आरोप लगाए थे।मंत्री ने कहा कि देश का युवा वर्ग आज शिक्षा, रोजगार, तकनीक और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ऐसे में पूरी पीढ़ी को किसी एक टिप्पणी के आधार पर कठघरे में खड़ा करना उचित नहीं है।उन्होंने कहा कि युवाओं को दिशा और अवसर देने की जरूरत है, उन्हें अपमानित करने की नहीं। विक्रमादित्य सिंह के इस बयान के बाद हिमाचल की राजनीति में कंगना रनौत और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग एक बार फिर तेज होने के आसार हैं।
