
नई दिल्ली। कॉकरेच जनता पार्टी (कॉकरेच जनता पार्टी) ने अपना राष्ट्रीय एजेंडा ‘क्या बोलती पब्लिक’ जारी करते हुए देश के युवाओं और आम नागरिकों से सीधे संवाद का संकल्प लिया है। पार्टी ने कहा कि वह नागरिकों की भागीदारी के माध्यम से ‘यूथ रिफॉर्म चार्टर’ तैयार करेगी।
पार्टी के अनुसार, उसका राष्ट्रीय एजेंडा चार प्रमुख स्तंभों पर आधारित होगा। इनमें समग्र शिक्षा सुधार, शिक्षा और रोजगार का एकीकरण, संस्थागत जवाबदेही तथा एकजुटता और गठबंधन को प्रमुखता दी गई है।
पार्टी ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में युवाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों को समझा जाएगा। इसके बाद इन सुझावों को नीति निर्माण में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।
युवाओं की भागीदारी पर जोर
कॉकरेच जनता पार्टी का कहना है कि देश के युवाओं को केवल रोजगार के अवसरों तक सीमित न रखकर उन्हें नीति निर्माण और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भी सक्रिय भागीदार बनाया जाना चाहिए। पार्टी ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार के साथ-साथ रोजगार के अवसर बढ़ाने और संस्थागत व्यवस्था में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
पार्टी के राष्ट्रीय एजेंडे में शिक्षा, रोजगार, जवाबदेही और नागरिक भागीदारी को केंद्रीय मुद्दों के रूप में सामने रखा गया है। पार्टी का दावा है कि युवाओं और आम जनता के साथ सीधे संवाद के माध्यम से तैयार होने वाला यह एजेंडा भविष्य की नीतियों के लिए आधार बनेगा।
