
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के शाहतलाई क्षेत्र में रविवार देर रात श्रद्धालुओं से भरी एक बस दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई। हादसे में अमृतसर (पंजाब) के दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार पीजीआई चंडीगढ़, हमीरपुर मेडिकल कॉलेज तथा सिविल अस्पताल बड़सर में किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस में सवार श्रद्धालु बाबा बालक नाथ मंदिर में दर्शन करने के बाद अमृतसर लौट रहे थे। रात लगभग 10:30 बजे शाहतलाई के समीप बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में काव्या पुत्र कुलदीप कुमार तथा रितेश पुत्र अजय कुमार, दोनों निवासी अमृतसर, की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और नजदीकी अस्पतालों तक पहुंचाया।
बड़सर अस्पताल में उपचार जारी
घायलों में से सात का उपचार सिविल अस्पताल बड़सर में किया जा रहा है। एक गंभीर घायल को पीजीआई चंडीगढ़ तथा दो अन्य को हमीरपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बस में 35 से अधिक श्रद्धालु सवार थे, जिनमें अधिकांश सुरक्षित बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
