
मोहाली, 8 जुलाई।
पंजाब सरकार ने बुजुर्गों को सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर जीवन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) के सेक्टर-78 में अत्याधुनिक वृद्धाश्रम (सीनियर सिटिजन होम) का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना के लिए गमाडा ने 2.92 एकड़ भूमि आवंटित कर दी है।
सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार बुजुर्गों के कल्याण और सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनकी देखभाल करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि सरकार केवल एक भवन का निर्माण नहीं कर रही, बल्कि ऐसा सुरक्षित और आत्मीय वातावरण तैयार कर रही है, जहां बेसहारा बुजुर्गों को परिवार जैसा स्नेह, सम्मान और आवश्यक सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का संकल्प है कि राज्य का कोई भी बुजुर्ग अकेलेपन या लाचारी का सामना न करे और उनके जीवन में सम्मान व मुस्कान बनी रहे।
मंत्री ने बताया कि परियोजना को शीघ्र पूरा करने के लिए एस्टेट अधिकारी (प्लॉट्स), गमाडा को आवश्यक पत्र जारी कर दिया गया है। संबंधित अधिकारियों से सेक्टर-78 स्थित भूमि का भौतिक कब्जा जल्द जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी, मोहाली को सौंपने का अनुरोध किया गया है, ताकि निर्माण कार्य बिना किसी देरी के शुरू किया जा सके।
