भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) शिमला द्वारा 10 जुलाई के लिए जिला सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने तथा क्षेत्र में लगातार हो रही भारी वर्षा को देखते हुए उपमंडल दंडाधिकारी (एसडीएम) संगड़ाह ने उपमंडल के सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों को 10 जुलाई 2026 को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
जारी कार्यालय आदेश के अनुसार लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में भूस्खलन, फ्लैश फ्लड, पेड़ों के गिरने तथा सड़कों के अवरुद्ध होने की घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। विशेष रूप से ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों में विद्यार्थियों की आवाजाही जोखिमपूर्ण हो सकती है। ऐसे में छात्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के तहत संगड़ाह उपमंडल के सभी सरकारी एवं निजी स्कूल, कॉलेज, आईटीआई, आंगनवाड़ी केंद्र तथा व्यावसायिक शिक्षण संस्थान 10 जुलाई 2026 को बंद रहेंगे। सभी संस्थानों के प्रमुखों को आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
हालांकि, आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह अवकाश शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों पर लागू नहीं होगा। उन्हें पूर्व निर्धारित निर्देशों के अनुसार अपने संस्थानों में उपस्थित रहना होगा।
