शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून सत्र से पहले मंत्रिमंडल विस्तार और संभावित फेरबदल को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सत्ता और संगठन के स्तर पर लगातार हो रही बैठकों के बीच मंत्रियों के विभागों में बदलाव तथा कैबिनेट में नए चेहरों को शामिल किए जाने की चर्चाएं जोरों पर हैं।
सूत्रों के अनुसार, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के बाद स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने भी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि मंत्रिमंडल में बदलाव की स्थिति में कुछ वरिष्ठ नेताओं की जिम्मेदारियों में परिवर्तन किया जा सकता है। हालांकि, इस संबंध में सरकार या कांग्रेस संगठन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इसी बीच कांग्रेस ने 16 और 17 जुलाई को धर्मशाला में पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की बैठक बुलाई है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में संगठनात्मक मुद्दों के साथ-साथ सरकार से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।
एक मंत्री पद अभी भी रिक्त
प्रदेश में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 12 मंत्री बनाए जा सकते हैं, जबकि वर्तमान में मंत्रिमंडल में 11 मंत्री हैं। ऐसे में एक मंत्री पद अभी भी रिक्त है। इस पद के लिए कुल्लू सदर से विधायक सुंदर सिंह ठाकुर का नाम प्रमुख दावेदारों में लिया जा रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी सार्वजनिक रूप से संकेत दे चुके हैं कि उन्हें भविष्य में मंत्रिमंडल में स्थान दिया जा सकता है।
