ईरान सरकार ने पहली बार देश के सर्वोच्च नेता आयतुल्ला अली खामेनेई के आवासीय परिसर पर हुए हमले का आधिकारिक वीडियो जारी किया है। करीब 35 सेकेंड के इस वीडियो में परिसर के कई हिस्सों में हुई भारी तबाही दिखाई गई है। सरकार का कहना है कि यह वीडियो हालिया हमले के बाद की स्थिति को दर्शाता है।
वीडियो ऐसे समय जारी किया गया है, जब राजधानी तेहरान में खामेनेई के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया चल रही है। अधिकारियों के अनुसार, उन्हें मशहद में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
रिपोर्ट के अनुसार, 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा किए गए संयुक्त हमले में खामेनेई की मौत हो गई थी। इस हमले में उनके परिवार के कई सदस्य और लगभग 40 वरिष्ठ अधिकारी भी मारे गए थे। मृतकों में उनकी 14 महीने की पोती भी शामिल बताई गई है। बताया गया कि हमले में परिसर पर लगभग 35 मिसाइलें दागी गई थीं।
खामेनेई का आधिकारिक आवास ‘बैत-ए-रहबरी’ के नाम से जाना जाता था। यह तेहरान के मध्य स्थित अत्यधिक सुरक्षित सरकारी परिसर था, जहां उनका कार्यालय, आधिकारिक निवास और प्रशासनिक गतिविधियों का संचालन होता था।
बाहरी रूप से यह परिसर साधारण दिखाई देता था, लेकिन इसके भीतर बैठक हॉल, सुरक्षा सुविधाएं, प्रशासनिक भवन और आवासीय हिस्से मौजूद थे। वीडियो में परिसर के कई हिस्सों, विशेषकर मुख्य सभा हॉल को गंभीर क्षति पहुंची हुई दिखाई गई है।
