
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश का असर जनजीवन पर पड़ रहा है। सोलन और सिरमौर जिलों में भारी वर्षा के चलते जिला प्रशासन ने आज सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया है। हालांकि यह आदेश टीचिंग और नॉन-टीचिंग स्टाफ पर लागू नहीं होगा।
सिरमौर के कालाअंब क्षेत्र में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। वहीं शिमला के विकासनगर में भूस्खलन के चलते पहाड़ी से पत्थर गिरने से दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
चंडीगढ़-शिमला फोरलेन पर कंडाघाट और वाकनाघाट के बीच भी बड़ी चट्टानें सड़क पर आ गिरीं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और यातायात सावधानी के साथ जारी है।
मौसम विभाग ने शिमला और सिरमौर में अत्यधिक भारी बारिश तथा अन्य कई जिलों में वर्षा का अलर्ट जारी किया है। लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 11 से 17 जुलाई तक मानसून कुछ कमजोर रहेगा, जबकि 18 से 24 जुलाई के दौरान मानसून फिर सक्रिय होने और कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
