शिमला।
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। ताजा वर्षा के बाद प्रदेश में लगभग 120 संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं, जिन्हें खोलने का कार्य जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 18 जुलाई तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से नदी-नालों के आसपास न जाने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
लगातार बारिश के कारण कई क्षेत्रों में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा बंद सड़कों को जल्द बहाल करने के प्रयास जारी हैं।
