
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। अलीगंज के सेक्टर-डी स्थित एक तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से कोचिंग और एनीमेशन कोर्स कर रहे 15 छात्र-छात्राओं की जलकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर एक पेट शॉप संचालित की जा रही थी, जबकि पहली मंजिल पर उसका वेयरहाउस था। दूसरी मंजिल पर थ्री-डी एनीमेशन ट्रेनिंग सेंटर, गेमिंग जोन और 12वीं तक के विद्यार्थियों की कोचिंग कक्षाएं चल रही थीं। दोपहर करीब ढाई बजे वेयरहाउस में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।
आग से बचने के लिए कई छात्रों ने इमारत से छलांग लगा दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में झुलसे और घायल नौ छात्र-छात्राओं को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट और एसी का कंप्रेसर फटने को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री Yogi Adityanath अपना अलीगढ़ दौरा बीच में छोड़कर लखनऊ पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, रक्षामंत्री Rajnath Singh ने भी दिल्ली से लखनऊ पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।
प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है, जबकि राहत और बचाव कार्य देर शाम तक जारी रहा।
