
शिमला। हिमाचल प्रदेश के 158 सीबीएसई संबद्ध सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती को लेकर लंबे समय से जारी असमंजस जल्द समाप्त हो सकता है। शिक्षकों की नियुक्ति के लिए गठित मंत्रिमंडलीय उपसमिति ने मेरिट, वरिष्ठता और शिक्षकों की पसंद पर आधारित मिश्रित (हाइब्रिड) मॉडल की सिफारिश तैयार कर ली है। इस प्रस्ताव पर 20 जुलाई को होने वाली राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लिखित परीक्षा में चयनित शिक्षकों की नियुक्ति में मेरिट के साथ-साथ कार्यरत शिक्षकों की वरिष्ठता, अनुभव और उनकी पसंद को भी महत्व दिया जाएगा। सरकार का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ शिक्षकों के हितों के बीच संतुलन बनाना है।
राज्य सरकार 158 सीबीएसई संबद्ध सरकारी स्कूलों में 3,468 से अधिक शिक्षकों की तैनाती की तैयारी कर रही है। वहीं, सरकारी स्कूलों में 16 हजार से अधिक अतिरिक्त दाखिले होने के बाद लगभग 200 और स्कूलों को भविष्य में सीबीएसई से जोड़ने की योजना भी बनाई जा रही है।
