
शिमला। राजधानी शिमला स्थित अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, चमियाणा में मरीजों को जल्द ही ऑनलाइन ओपीडी पर्ची की सुविधा मिलने जा रही है। राज्य सरकार के ‘सुगम स्वास्थ्य ऐप’ के माध्यम से मरीज घर बैठे अपने मोबाइल फोन से ओपीडी पंजीकरण कर सकेंगे। इससे अस्पताल पहुंचने पर लंबी कतारों में लगने की आवश्यकता नहीं होगी और निर्धारित समय पर सीधे संबंधित चिकित्सक से परामर्श लिया जा सकेगा।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार इस सुविधा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब केवल राज्य सरकार द्वारा विकसित किए जा रहे सुगम स्वास्थ्य ऐप के औपचारिक शुभारंभ का इंतजार है। ऐप शुरू होते ही चमियाणा अस्पताल को भी इस डिजिटल व्यवस्था से जोड़ दिया जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत मरीज मोबाइल ऐप पर विभाग, चिकित्सक और उपलब्ध समय का चयन कर ऑनलाइन ओपीडी पर्ची प्राप्त कर सकेंगे। इससे पर्ची काउंटरों पर भीड़ कम होगी और अस्पताल की कार्यप्रणाली अधिक व्यवस्थित बनेगी।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि इस सुविधा से विशेष रूप से बुजुर्गों, दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों तथा गंभीर रोगियों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्हें केवल पर्ची बनवाने के लिए घंटों पहले अस्पताल नहीं पहुंचना पड़ेगा। साथ ही अस्पताल में अनावश्यक भीड़ भी कम होगी, जिससे मरीजों को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
