
शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं ठियोग से विधायक कुलदीप राठौर ने राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में कराने की मांग की है। शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्च स्तरीय जांच कराई जानी चाहिए, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई देश के सामने आ सके। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
राठौर ने केंद्र सरकार पर मामले को दबाने और दोषियों को बचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और चढ़ावे में कथित चोरी की घटना से देश के लगभग 140 करोड़ लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल 100 या 200 करोड़ रुपये तक सीमित नहीं हो सकता, बल्कि हजारों करोड़ रुपये के चढ़ावे से जुड़ा हो सकता है। इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आए और दोषियों को कानून के अनुसार दंड मिल सके।
