
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख-सम्मान निधि योजना का दायरा बढ़ाने की तैयारी में जुट गई है। सरकार आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की सभी पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,500 रुपये की वित्तीय सहायता देने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है। इसके लिए ग्रामीण विकास विभाग को पात्र परिवारों और महिलाओं का विस्तृत डेटा तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
वर्तमान में इस योजना के तहत वार्षिक आय दो लाख रुपये से कम वाले परिवार की केवल एक पात्र महिला को 1,500 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जाती है। अब सरकार इस शर्त में बदलाव कर ऐसे परिवारों की सभी पात्र महिलाओं को योजना का लाभ देने की संभावना पर मंथन कर रही है।
प्रस्ताव को मंजूरी मिली तो बढ़ेंगे लाभार्थी
ग्रामीण विकास विभाग ई-परिवार रजिस्टर में दर्ज आंकड़ों के आधार पर विभिन्न जिलों से पात्र महिलाओं का विवरण एकत्र कर रहा है। विभागीय रिपोर्ट तैयार होने के बाद लाभार्थियों की संभावित संख्या और सरकार पर पड़ने वाले वित्तीय बोझ का आकलन किया जाएगा। इसके पश्चात विस्तृत प्रस्ताव मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी के लिए रखा जाएगा।
सरकार का मानना है कि वर्तमान व्यवस्था में परिवार की केवल एक महिला को लाभ मिलने से कई जरूरतमंद महिलाएं योजना से वंचित रह जाती हैं। ऐसे में सभी पात्र महिलाओं को वित्तीय सहायता देकर महिला सशक्तिकरण और परिवारों की आर्थिक सुरक्षा को और मजबूत किया जा सकता है।
मंजूरी के बाद जारी होगी नई अधिसूचना
यदि मंत्रिमंडल से प्रस्ताव को स्वीकृति मिलती है तो योजना के पात्रता मानदंड और लाभार्थियों की संख्या को लेकर नई अधिसूचना जारी की जाएगी। इससे योजना का लाभ पहले की तुलना में कहीं अधिक महिलाओं तक पहुंच सकेगा।
