
नई दिल्ली। NEET परीक्षा विवाद को लेकर आंदोलन एक बार फिर तेज होने के संकेत मिले हैं। कोंक्रोज जनता पार्टी ने सरकार पर समझौता तोड़ने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि छात्रों पर पुलिस कार्रवाई नहीं रुकी तो दोबारा आंदोलन किया जाएगा। पार्टी का आरोप है कि बिहार और पश्चिम बंगाल के कई छात्रों को गिरफ्तार कर झूठे मामलों में फंसाया गया।
इसी बीच CJP ने पीड़ित छात्रों की सहायता के लिए ‘साक्षी (Saakshi)’ पोर्टल शुरू किया है। इसके माध्यम से छात्र अपनी शिकायत, केस से जुड़ी जानकारी और वीडियो साझा कर सकेंगे। सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल कानूनी मामलों में सहायता कर रहे हैं। दूसरी ओर, बिहार सरकार ने NEET विवाद के विरोध-प्रदर्शनों से जुड़े पुलिस मामले वापस लेने का निर्णय लिया है।
उधर, सुप्रीम कोर्ट ने 20 जुलाई को जंतर-मंतर लाठीचार्ज मामले की सुनवाई के दौरान कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है। अदालत ने स्पष्ट किया कि केवल प्रदर्शन या आंदोलन के आधार पर पुलिस की सख्ती या बल प्रयोग को उचित नहीं ठहराया जा सकता।
