
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि यदि उनकी हत्या होती है, तो उन्होंने ईरान के खिलाफ अभूतपूर्व सैन्य कार्रवाई के निर्देश पहले ही दे दिए हैं। ट्रंप ने कहा कि यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो ईरान पर ऐसा हमला किया जाएगा जैसा उसने पहले कभी नहीं देखा होगा।
यह बयान उस समय सामने आया है जब वॉल स्ट्रीट जर्नल और सीएनएन की रिपोर्टों में दावा किया गया कि इजरायली खुफिया एजेंसियों ने अमेरिका को सूचना दी है कि ईरान कथित रूप से ट्रंप की हत्या की नई साजिश पर काम कर रहा है। हालांकि अमेरिकी प्रशासन ने अब तक इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है।
व्हाइट हाउस ने इस मामले में ट्रंप के नाटो सम्मेलन के दौरान दिए गए बयान का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह ईरान की “किल लिस्ट” में सबसे ऊपर हैं। ट्रंप ने कहा, “मैं उनकी हर सूची में हूं, लेकिन इसकी परवाह नहीं करता। मैं वही कर रहा हूं जो दुनिया के लिए सही है।” उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रपति का पद स्वाभाविक रूप से जोखिमों से भरा होता है।
रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिकी खुफिया एजेंसियां उन व्यक्तियों और समूहों पर नजर बनाए हुए हैं जो वर्तमान और पूर्व अमेरिकी अधिकारियों पर संभावित हमलों की चर्चा कर रहे हैं।
वहीं, कुछ अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि इजरायल की ओर से साझा की गई यह खुफिया चेतावनी ट्रंप के ईरान संबंधी फैसलों को प्रभावित करने की व्यापक रणनीति का हिस्सा भी हो सकती है।
