
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के संगठन विस्तार अभियान के तहत गुरुवार को भाजपा के कई सक्रिय नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल की मौजूदगी में सभी को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।
कांग्रेस में शामिल हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेंगे।
कांग्रेस में शामिल होने वालों में रोहड़ू से एचआरटीसी के सेवानिवृत्त महाप्रबंधक (जीएम) केसरी चौहान, शिमला ग्रामीण के पूर्व बीडीसी सदस्य लक्ष्मी दास, वार्ड सदस्य जय लाल नेगी, करिश्मा शर्मा सहित उनके समर्थक शामिल रहे। पार्टी के अनुसार, इस दौरान करीब 50 लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस संगठन महासचिव विनोद जिंटा ने कहा कि संगठन विस्तार अभियान के तहत पूरे प्रदेश में लगातार नए कार्यकर्ता कांग्रेस से जुड़ रहे हैं, जिससे पार्टी का संगठन और अधिक सशक्त हो रहा है।
ये रहे प्रमुख मौजूद नेता
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष अमित नंदा, सोनिया चौहान, जितेंद्र ठाकुर, पवन कुमार, कुलदीप ठाकुर सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
