मंडी। हिमाचल प्रदेश में मंडी और पधर के बीच 545 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा राष्ट्रीय राजमार्ग लगभग तैयार हो चुका है। सामरिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण इस 19 किलोमीटर लंबे हाईवे पर फिलहाल अंतिम तकनीकी और सुरक्षा परीक्षण चल रहा है। (एनएचएआई) से अंतिम मंजूरी मिलते ही इस मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।
एनएचएआई के अनुसार परियोजना का निर्माण कार्य निर्धारित समय से करीब पांच महीने पहले अंतिम चरण में पहुंच गया है। वर्तमान में एक पुल पर अंतिम स्लैब डालने का कार्य जारी है, जबकि पूरे मार्ग का तकनीकी और सुरक्षा निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान यदि कोई कमी पाई जाती है तो उसे दूर करने के बाद ही हाईवे को यातायात के लिए खोला जाएगा।
यह परियोजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मंडी से पधर तक का 19 किलोमीटर लंबा खंड एनएचएआई की मंडी इकाई द्वारा विकसित किया गया है, जबकि पधर से पठानकोट तक के शेष हिस्से का निर्माण पालमपुर इकाई के तहत जारी है।
नया हाईवे बनने से मंडी और पधर के बीच की दूरी लगभग 23 किलोमीटर से घटकर 19 किलोमीटर रह जाएगी। इससे यात्रियों को करीब 3.75 किलोमीटर कम सफर तय करना पड़ेगा। सबसे बड़ा लाभ यात्रा समय में होगा। पहले जहां मंडी से पधर पहुंचने में लगभग एक घंटा लगता था, वहीं अब यह दूरी महज 25 मिनट में तय की जा सकेगी। इससे क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, परिवहन और आपातकालीन सेवाओं को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।
