
बीजिंग: चीन के कई हिस्सों में आए भीषण तूफान, बवंडर और मूसलाधार बारिश ने व्यापक तबाही मचाई है। सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, पूर्वी हुबेई प्रांत में आए विनाशकारी तूफान में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति लापता है। तीन अलग-अलग क्षेत्रों में 331 से अधिक लोग घायल हुए हैं और प्रशासन ने 400 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।
तूफान की चपेट में आने से 22 इमारतें पूरी तरह ध्वस्त हो गईं, जबकि 4,855 मकानों को भारी नुकसान पहुंचा है।
उधर, उत्तर-पश्चिमी चीन के गांसू प्रांत के लोंगनान शहर में मंगलवार तड़के बड़े भूस्खलन की घटना हुई। आशंका है कि करीब 33 लोग मलबे में फंसे हुए हैं। राहत एवं बचाव दल अब तक 17 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल चुका है, जबकि अन्य की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर सर्च एंड रेस्क्यू अभियान जारी है।
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों में पूरी ताकत झोंकने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के बेहतर उपचार और जन-धन के नुकसान को कम करने के लिए त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया।
