
शिमला, 23 जुलाई। हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) शिमला केंद्र ने 22 से 28 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला, सिरमौर और ऊना सहित कई जिलों में भारी बारिश के कारण फ्लैश फ्लड, भूस्खलन और जलभराव की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने, सड़कों के फिसलन भरे होने तथा यातायात प्रभावित होने की भी आशंका जताई गई है।
आईएमडी ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश का असर बागवानी और कृषि पर भी पड़ सकता है। लोगों को विशेष रूप से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जिससे संवेदनशील क्षेत्रों में जोखिम बढ़ सकता है।
