
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त 2026 से प्रारंभ होगा। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 174(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए 14वीं विधानसभा के 12वें सत्र का आह्वान किया है। यह सत्र 3 सितंबर तक चलेगा, जिसमें कुल 10 बैठकें आयोजित होंगी।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि राज्यपाल की स्वीकृति के बाद विधानसभा सचिवालय ने सत्र की अधिसूचना जारी कर दी है। विधायक अपने प्रश्न, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव तथा अन्य सूचनाएं निर्धारित नियमों के अनुसार ऑफलाइन और ऑनलाइन माध्यम से सचिवालय को भेज सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 22 अगस्त (शनिवार) को भी सदन की बैठक होगी। वहीं 28, 29 और 30 अगस्त को सदन की बैठक नहीं होगी। 28 अगस्त को रक्षाबंधन तथा 30 अगस्त को रविवार का अवकाश रहेगा। 23 और 30 अगस्त को भी साप्ताहिक अवकाश रहेगा। इसके अलावा 27 अगस्त को गैर-सरकारी सदस्य कार्य दिवस (Private Members’ Day) निर्धारित किया गया है।
सत्र के दौरान सरकार विभिन्न विधायी और वित्तीय कार्यों के साथ-साथ जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेगी। विपक्ष भी प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को सदन में उठाएगा।
