
tचंबा, 1 अगस्त। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में तीन बच्चों की मां के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। महिला के अचानक घर से गायब होने के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। पीड़ित पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी घर से सोने-चांदी के आभूषण और 85 हजार रुपये नकद लेकर चली गई है। साथ ही एक युवक पर महिला को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप भी लगाया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित पति इसराइल ने बताया कि वह 29 जुलाई को रोज की तरह दिहाड़ी मजदूरी करने के बाद शाम को घर लौटा, लेकिन उसकी पत्नी घर पर नहीं मिली। बच्चों से पूछताछ करने पर पता चला कि उनकी मां घर से कहीं चली गई है। इसके बाद उसने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के लोगों से संपर्क कर महिला की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि लतीफ नामक युवक उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। उसने यह भी दावा किया है कि महिला अपने साथ सोने का हार, सोने की बालियों की एक जोड़ी, सोने की चूड़ियों की एक जोड़ी, दो सोने की अंगूठियां, चांदी के दो चंद्रहार तथा 85 हजार रुपये नकद भी ले गई है।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की हर पहलू से जांच की जा रही है। महिला की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही है तथा संबंधित लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की निष्पक्ष जांच में जुटी हुई है।
