
शिमला:
हिमाचल प्रदेश भाजपा की कोर ग्रुप बैठक मंगलवार को शिमला स्थित पार्टी मुख्यालय ‘दीप कमल’ में आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत बनाने और चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। इसमें प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह-प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर पार्टी को सशक्त बनाने, सदस्यता अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रमों और प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर मंथन किया गया। साथ ही कांग्रेस सरकार के खिलाफ विभिन्न जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने पर भी चर्चा हुई।
बैठक से पहले डॉ. राजीव बिंदल ने राम मंदिर मुद्दे को लेकर कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा जनहित और संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
