
ऑकलैंड। न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की आर्थिक प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि वे कई वर्षों से भारत के बड़े प्रशंसक रहे हैं। उन्होंने भारत के विकास को “अविश्वसनीय”, “प्रेरणादायक” और “रोमांचक” बताया।
ऑकलैंड में आयोजित इंडिया-न्यूज़ीलैंड बिजनेस एंड स्पोर्ट्स एंगेजमेंट कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लक्सन ने बताया कि 1990 के दशक में यूनिलीवर के साथ काम करने के दौरान उन्होंने पहली बार भारत की यात्रा की थी। उन्होंने कहा कि उस समय भारत एक अलग आर्थिक दौर में था, लेकिन पिछले तीन दशकों में देश ने उल्लेखनीय परिवर्तन किया है।
लक्सन ने कहा कि भारत का कम आय वाली अर्थव्यवस्था से मध्यम और फिर उच्च आय की दिशा में बढ़ना बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया और भारत से पहुंचे उद्योग जगत के प्रतिनिधियों का भी धन्यवाद दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग को नई गति मिलेगी।
