
नई दिल्ली, : दिल्ली पुलिस ने नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यह गिरोह राजस्थान के पाली सहित विभिन्न क्षेत्रों से नवजात शिशुओं को खरीदकर दिल्ली और अन्य स्थानों पर लाखों रुपये में बेचता था।
पुलिस के अनुसार, गिरोह गरीब परिवारों से नवजात बच्चों को 15 से 20 हजार रुपये में खरीदता था और बाद में उन्हें निसंतान दंपतियों को 8 से 12 लाख रुपये तक में बेच देता था। जांच में सामने आया है कि गिरोह अब तक करीब 30 नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त कर चुका है।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, गिरोह में अस्पताल से जुड़े कुछ लोग, बिचौलिए और परिवहन का काम करने वाले व्यक्ति शामिल थे। आरोपियों पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने, अवैध तरीके से बच्चों को स्थानांतरित करने और मानव तस्करी जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस रैकेट का संबंध अन्य राज्यों से तो नहीं है।
पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि मानव तस्करी जैसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
