
बिलासपुर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एक वर्षीय पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन नर्सिंग कोर्स में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। 25 सीटों वाले इस कोर्स के लिए अब तक केवल 12 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिससे पात्र अभ्यर्थियों के चयन की संभावना काफी बढ़ गई है।
संस्थान के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 13 जून से शुरू हुई थी। इच्छुक अभ्यर्थी 12 जुलाई दोपहर 12 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। एम्स प्रशासन ने योग्य उम्मीदवारों से अंतिम समय का इंतजार किए बिना शीघ्र आवेदन करने की अपील की है।
इस कोर्स की विशेष बात यह है कि चयनित अभ्यर्थियों को एक वर्ष के प्रशिक्षण के दौरान 10,000 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा। इस प्रकार प्रशिक्षण अवधि में कुल 1.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। वहीं, कोर्स की फीस मात्र 2,465 रुपये निर्धारित की गई है, जिससे यह कोर्स आर्थिक रूप से भी बेहद किफायती माना जा रहा है।
पात्रता
इस कोर्स के लिए बीएससी नर्सिंग उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (GNM) उत्तीर्ण ऐसे उम्मीदवार, जिन्होंने कम से कम एक वर्ष का कार्य अनुभव प्राप्त किया हो, वे भी आवेदन के पात्र हैं।
