
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल के जयदेवी क्षेत्र में सरकारी स्कूल में कार्यरत एक महिला व्यावसायिक शिक्षक। की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकने से मौत हो गई। मामले में मृतका के मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ प्रताड़ना तथा आत्महत्या के लिए उकसाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार आशिमा पत्नी काशीम अली, मूल रूप से गांव बारू, डाकघर सधोट, तहसील सरकाघाट की निवासी थीं और वर्तमान में सुंदरनगर के भोजपुर क्षेत्र में रह रही थीं। वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जयदेवी में व्यावसायिक शिक्षक के पद पर कार्यरत थीं। आशिमा अपने पति के साथ जयदेवी में किराये के मकान में रहती थीं।
मंगलवार शाम आशिमा का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही उन्हें तत्काल नजदीकी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। मृतका के भाई आशिद पुत्र सुलेमान अंसारी, निवासी भोजपुर, की शिकायत पर पुलिस थाना बीएसएल कॉलोनी में प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर पति, सास, ससुर और ननद को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
