
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने IDBI बैंक में अपनी हिस्सेदारी बेचने की प्रक्रिया तेज कर दी है। सरकार और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) मिलकर बैंक में अपनी कुल 60 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी बेचने की योजना पर काम कर रहे हैं। इस विनिवेश सौदे का अनुमानित मूल्य करीब 53,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, कनाडा की निवेश कंपनी फेयरफैक्स होल्डिंग्स इस बैंक के अधिग्रहण की दौड़ में सबसे आगे मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि कंपनी ने अपनी बोली बढ़ाकर 75 रुपये प्रति शेयर से 81 रुपये प्रति शेयर कर दी है।
वर्तमान में IDBI बैंक में LIC की 49.24 प्रतिशत तथा केंद्र सरकार की 45.48 प्रतिशत हिस्सेदारी है। प्रस्तावित सौदे के तहत सरकार अपनी 30 प्रतिशत और LIC भी 30 प्रतिशत हिस्सेदारी बेच सकती है। इस प्रकार खरीदार को बैंक में नियंत्रणकारी हिस्सेदारी प्राप्त होगी।
सरकार का उद्देश्य रणनीतिक विनिवेश के माध्यम से निवेश आकर्षित करना तथा बैंकिंग क्षेत्र में निजी भागीदारी को बढ़ावा देना है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम निर्णय और आधिकारिक घोषणा प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
