
पुंछ जिले के सुरनकोट क्षेत्र में बादल फटने और मूसलाधार बारिश के कारण भारी तबाही मची है। अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन की चपेट में आने से अब तक 10 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई अन्य लोग लापता बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, सुरनकोट में एक ही परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। लगातार हो रही बारिश के कारण कई मकान और सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
प्रशासन, पुलिस, सेना और राहत एजेंसियां मौके पर पहुंचकर बचाव एवं राहत कार्य में जुटी हुई हैं। लापता लोगों की तलाश जारी है तथा प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।
