बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग द्वारा लागू किए जा रहे ‘न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम’ के विरोध में राजकीय प्राथमिक शिक्षक फेडरेशन ने सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। फेडरेशन का कहना है कि यदि सरकार ने इस नीति पर पुनर्विचार नहीं किया तो आंदोलन 2027 के विधानसभा चुनाव तक लगातार जारी रहेगा।
बिलासपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष रमेश शर्मा ने सरकार की शिक्षा नीति की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि ‘न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम’ प्राथमिक शिक्षा और शिक्षकों के हितों के खिलाफ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षक अब केवल आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होंगे और अपनी मांगों को लेकर निर्णायक संघर्ष करेंगे।
फेडरेशन ने ‘प्राथमिक शिक्षा बचाओ’ अभियान के तहत 11 जुलाई से आंदोलन की शुरुआत करने का निर्णय लिया है। आंदोलन का शुभारंभ मां बगलामुखी मंदिर से पदयात्रा के रूप में होगा, जो विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए 25 जुलाई को शिमला पहुंचेगी। इसके बाद 26 जुलाई को शिमला के चौड़ा मैदान में प्रदेशभर के हजारों प्राथमिक शिक्षक एकत्र होकर सरकार के खिलाफ महाधरना देंगे।
रमेश शर्मा ने सरकार को 7 जुलाई तक का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में फेडरेशन को गंभीर और सार्थक वार्ता के लिए नहीं बुलाया गया तो संगठन बातचीत के सभी रास्ते बंद कर देगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा सरकार के खिलाफ व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
