
शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने पार्टी के सभी अग्रणी संगठनों और विभागों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती में इन संगठनों की अहम भूमिका होती है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही या निष्क्रियता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रविवार को राजीव भवन में रजनी पाटिल ने महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, कांग्रेस सेवादल, एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, अनुसूचित जाति कांग्रेस और अल्पसंख्यक विभाग के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इस दौरान सभी संगठनों से आगामी एक वर्ष की कार्ययोजना और विजन पर विस्तृत चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि सभी अग्रणी संगठनों की को-ऑर्डिनेशन कमेटियों का गठन किया जाएगा और इन्हें ब्लॉक स्तर तक सक्रिय किया जाएगा। समय-समय पर इनके कार्यों की समीक्षा होगी और जो पदाधिकारी अपेक्षित कार्य नहीं करेंगे, उन्हें पद छोड़ना होगा।
रजनी पाटिल ने कहा कि सभी संगठन प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने अगले वर्ष प्रस्तावित हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों को देखते हुए अभी से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का आह्वान किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अग्रणी संगठनों और विभागों की प्रत्येक माह निर्धारित तिथि पर नियमित बैठकें आयोजित की जाएं।
उन्होंने संगठनों और विभागों की कार्यकारिणी का गठन शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए। साथ ही संगठन सृजन अभियान के तहत नए और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा ऐसे समर्पित लोगों को जिम्मेदारी देने पर जोर दिया, जो संगठन के लिए पूरा समय देकर प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें।
