शिमला। हिमाचल प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया वर्ष 2027 में करवाई जाएगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अखिल भारतीय मीडिया संवाद के दौरान बताया कि राज्य में वर्तमान में जनगणना का कार्य चल रहा है। ऐसे में जनगणना और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण जैसी दो महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं को एक साथ संचालित करना व्यावहारिक नहीं है।
उन्होंने कहा कि जनगणना पूरी होने के बाद ही एसआईआर की प्रक्रिया शुरू करने पर विचार किया जाएगा। निर्वाचन आयोग का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह सटीक, अद्यतन और पारदर्शी बनाए रखना है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि यदि यह प्रक्रिया सर्दियों के दौरान कराई जाती है तो हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी हिमपात के कारण कार्य प्रभावित हो सकता है। इसलिए राज्य की भौगोलिक और मौसम संबंधी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए चुनावी कार्यक्रम तय किए जाते हैं।
