
शिमला: हिमाचल प्रदेश में पुलिस विभाग में नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) ने पुलिस कांस्टेबल के 734 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इनमें 491 पुरुष कांस्टेबल और 243 महिला कांस्टेबल के पद शामिल हैं। भर्ती प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की जाएगी।
आयोग के अनुसार, इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 10 जुलाई को रात 12:01 बजे से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने की अंतिम तिथि 6 अगस्त रात 11:59 बजे निर्धारित की गई है। अंतिम तिथि के बाद आवेदन लिंक स्वतः निष्क्रिय हो जाएगा तथा किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
आयोग की सचिव निवेदिता नेगी ने अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र भरते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन आवेदन एक बार अंतिम रूप से जमा होने के बाद उसमें किसी भी प्रकार का संशोधन संभव नहीं होगा। ऐसे अभ्यर्थी जो साइबर कैफे या लोक मित्र केंद्र के माध्यम से आवेदन कर रहे हैं, वे अंतिम सबमिशन से पहले आवेदन में दर्ज सभी जानकारियों की स्वयं अच्छी तरह जांच कर लें।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल उसकी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन करने से पहले भर्ती से संबंधित विस्तृत अधिसूचना, पात्रता, आयु सीमा, शारीरिक मानदंड तथा अन्य शर्तों का ध्यानपूर्वक अध्ययन करें।
