
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। आयोग ने कुल 105 अतिरिक्त पदों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया है। इनमें ऑपरेशन थियेटर असिस्टेंट (ओटीए) के 60 पद, रेडियोग्राफर के 30 पद तथा वरिष्ठ प्रयोगशाला तकनीशियन (एमएलटी ग्रेड-2) के 15 पद शामिल हैं। सभी नियुक्तियां प्रशिक्षणार्थी (Trainee) आधार पर की जाएंगी।
आयोग के अनुसार, ये 105 पद 28 फरवरी को विज्ञापित 196 पदों के अतिरिक्त हैं। पहले जारी विज्ञापन में ओटीए के 176, एमएलटी ग्रेड-2 के 10 और रेडियोग्राफर के 10 पद शामिल थे। इसके बाद 30 मार्च को जारी परिशिष्ट में विभिन्न श्रेणियों के 18 और पद जोड़े गए थे। अब इन अतिरिक्त 105 पदों को भी पूर्व विज्ञापन और परिशिष्ट के साथ सम्मिलित कर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
आयोग ने तीनों पोस्ट कोड के लिए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल दोबारा खोल दिया है। इच्छुक अभ्यर्थी 11 जुलाई से 25 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 25 जुलाई, रात 11:59 बजे निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
