
नई दिल्ली। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस द्वारा सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद उनकी पत्नी गीतांजलि जे अग्नो ने उनके उपचार को लेकर स्पष्ट रुख अपनाया है। उन्होंने कहा है कि परिवार, चिकित्सकों और उनकी स्वयं की सहमति के बिना वांगचुक को मुंह अथवा नाक के जरिए किसी भी प्रकार की दवा या तरल पदार्थ न दिया जाए।
गीतांजलि ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए बताया कि वह स्वयं अस्पताल में मौजूद हैं और वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने उपचार से जुड़े सभी निर्णय पारदर्शिता और सहमति के आधार पर लेने की मांग की।
इस बीच, अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार सोनम वांगचुक के सभी आवश्यक स्वास्थ्य संकेत सामान्य हैं तथा उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
गौरतलब है कि वांगचुक के अस्पताल में भर्ती होने के बाद उनके स्वास्थ्य और उपचार को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, अस्पताल प्रशासन की ओर से नियमित चिकित्सकीय निगरानी जारी रहने की जानकारी दी गई है।
