
सुंदरनगर, 17 जून। मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल के भड़ोह क्षेत्र में एक 21 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान रोहांडा क्षेत्र के छिछड़ गांव निवासी नेहा (21) के रूप में हुई है। वह सुंदरनगर में किराये के कमरे में रहकर एक निजी संस्थान से अकाउंट्स में डिप्लोमा कर रही थी। बताया जा रहा है कि उसका अकाउंट्स का पेपर होने वाला था, लेकिन उससे एक दिन पहले ही वह अपने कमरे में फंदे से लटकी हुई मिली।
परिजनों के अनुसार नेहा पढ़ाई में होनहार और मेहनती छात्रा थी। उसके रिश्तेदार हेमराज ने बताया कि वह अकाउंट्स के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती थी और भविष्य को लेकर कई सपने संजोए हुए थी। इस दुखद घटना से पूरा परिवार सदमे में है।
जानकारी के अनुसार नेहा अपनी बड़ी बहन जाह्नवी के साथ सुंदरनगर में रहकर पढ़ाई कर रही थी। मंगलवार सुबह जाह्नवी कंप्यूटर कोर्स के लिए बाहर गई थी। दोपहर में लौटने पर उसने कमरे में नेहा को मृत अवस्था में पाया। इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि छात्रा ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों को खंगाल रही है और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
