मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 5.535 किलोग्राम चरस और 568 ग्राम अफीम बरामद करते हुए हरियाणा के सोनीपत निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि शुक्रवार को थाना सदर मंडी की टीम ने शिला किप्पड़ क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान केलांग-मनाली-धर्मशाला मार्ग पर चल रही एक निजी बस (एचपी-53डी-9077) की तलाशी ली। जांच के दौरान बस में सवार तीन यात्रियों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उनकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 5.535 किलोग्राम चरस और 568 ग्राम अफीम बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने तीनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल कुमार उर्फ काला, कृष्ण कुमार और अमित के रूप में हुई है। तीनों हरियाणा के सोनीपत जिले के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
