
शिमला। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) प्रदेश के यात्रियों के लिए जल्द ही ‘हिम बस प्लस कार्ड’ की शुरुआत करने जा रहा है। इस नई डिजिटल व्यवस्था के तहत अब यात्रियों को अलग-अलग रियायती कार्ड रखने की आवश्यकता नहीं होगी। ग्रीन कार्ड, येलो कार्ड और सम्मान कार्ड के स्थान पर एक ही कार्ड के माध्यम से सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
निगम के अनुसार मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री द्वारा हाल ही में इस योजना का शुभारंभ किया गया है। अब प्रदेश के विभिन्न बस अड्डों और एचआरटीसी डिपो में कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यात्रियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था भी उपलब्ध होगी, जबकि कई स्थानों पर मौके पर ही कार्ड जारी किए जाएंगे।
एचआरटीसी ने सभी डिपो प्रबंधकों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। निगम का कहना है कि तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही नई व्यवस्था पूरी तरह लागू कर दी जाएगी।
निगम के मुताबिक हिम बस प्लस कार्ड के लिए यात्रियों को प्रतिदिन एक रुपये के हिसाब से 365 रुपये वार्षिक शुल्क देना होगा। कार्ड को आवश्यकता अनुसार रिचार्ज भी कराया जा सकेगा। इस कार्ड के माध्यम से एचआरटीसी बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों को 5 से 15 प्रतिशत तक किराये में छूट मिलेगी। इसके अलावा यात्रा के आधार पर कैशबैक की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
एचआरटीसी का दावा है कि भविष्य में इस कार्ड का उपयोग केवल एचआरटीसी बसों तक सीमित नहीं रहेगा। इसे पंजाब और हरियाणा की बस सेवाओं के साथ-साथ दिल्ली मेट्रो में भी उपयोग करने की योजना है। निगम का मानना है कि इस एकीकृत डिजिटल कार्ड से यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, सरल और आधुनिक यात्रा अनुभव मिलेगा तथा सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।
