
शिमला। जिला परिषद चुनाव को लेकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार जिला परिषद में बहुमत नहीं होने के कारण चुनाव कराने से बच रही है। जयराम ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर चुनाव की तारीख घोषित नहीं की गई, तो भाजपा उग्र आंदोलन करेगी और आवश्यकता पड़ने पर मामला हाईकोर्ट तक ले जाया जाएगा।
DC कार्यालय पर भी लगाए गंभीर आरोप
जयराम ठाकुर ने कहा कि वह पिछले तीन दिनों से डीसी शिमला से संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनसे फोन पर बातचीत नहीं हो पाई है। उन्होंने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि “डीसी ऑफिस शिमला कांग्रेस का कार्यालय बन गया है।” उन्होंने कहा कि यदि दो दिन में चुनाव कार्यक्रम तय नहीं किया गया तो डीसी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
बहुमत नहीं होने के कारण चुनाव से बच रही कांग्रेस : जयराम
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के पास जिला परिषद में बहुमत नहीं है, इसलिए वह चुनाव कराने से बच रही है। उन्होंने कहा कि जनता अपने प्रतिनिधि चुन चुकी है, लेकिन सरकार कथित हार के डर से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ा रही। चुनाव में देरी के कारण पंचायतीराज संस्थाओं और जिला परिषद से जुड़े विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने दावा किया कि जिला परिषद में भाजपा का अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनना तय है तथा दो अन्य सदस्य भी भाजपा के संपर्क में हैं।
पंचायतीराज एक्ट में संशोधन पर भी सवाल
जयराम ठाकुर ने पंचायतीराज एक्ट के नियमों में किए गए बदलाव को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले चुनाव परिणाम घोषित होने के एक सप्ताह के भीतर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव कराना अनिवार्य था, लेकिन सरकार ने संशोधन के जरिए इस समय-सीमा की शर्त को हटा दिया। भाजपा का आरोप है कि इसी बदलाव का सहारा लेकर सरकार जिला परिषद के चुनाव को अनिश्चितकाल तक टाल रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक अधिकारों और पंचायतीराज संस्थाओं की संवैधानिक प्रक्रिया को बाधित नहीं होने देगी और जरूरत पड़ी तो सड़क से लेकर न्यायालय तक संघर्ष किया जाएगा।
