
शिमला, 20 जुलाई।
हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 20 और 21 जुलाई के लिए प्रदेश के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने कई जिलों में स्कूल, कॉलेज, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षण संस्थान, आंगनवाड़ी केंद्र तथा शिशु पालन केंद्र दो दिनों के लिए बंद रखने के आदेश दिए हैं।
प्रशासन के अनुसार कांगड़ा, सिरमौर, चंबा और मंडी सहित प्रभावित जिलों में शिक्षण संस्थानों के साथ निर्धारित परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई हैं। आवश्यक प्रशासनिक कार्यों के लिए जरूरत पड़ने पर कर्मचारियों की सेवाएं ली जा सकेंगी।
मौसम विभाग ने बताया कि 20 और 21 जुलाई को चंबा, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर तथा 21 जुलाई को कुल्लू जिले में भी रेड अलर्ट रहेगा। 22 जुलाई के लिए ऑरेंज और 23 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 24 और 25 जुलाई को मौसम में कुछ राहत मिलने की संभावना है।
विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान भूस्खलन, अचानक बाढ़, नदी-नालों में तेज बहाव और सड़क अवरोध की आशंका जताई है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में वर्षा दर्ज की गई। धर्मशाला में सर्वाधिक 82.2 मिमी, कांगड़ा में 57.9 मिमी, धर्मशाला एडलक्सपुर में 50.0 मिमी, पांवटा साहिब में 33.0 मिमी, पालमपुर में 27.1 मिमी, भटियात में 22.2 मिमी तथा जोत में 20.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
