ईंधन खरीद में बड़ा बदलाव: नॉर्मल और E-20 पेट्रोल में चुन सकेंगे ग्राहक

नई दिल्ली। केंद्र सरकार जल्द ही देशभर के पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं को सामान्य (नॉर्मल) पेट्रोल और ई-20 (20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित) पेट्रोल में से अपनी आवश्यकता के अनुसार ईंधन चुनने का विकल्प दे सकती है। इस प्रस्ताव के तहत पेट्रोल पंपों पर दोनों प्रकार के ईंधन के लिए अलग-अलग डिस्पेंसर लगाए जाने की संभावना है, जबकि दोनों की कीमतें भी अलग हो सकती हैं।
सूत्रों के अनुसार, हाल के महीनों में कई वाहन चालकों ने ई-20 पेट्रोल के उपयोग से माइलेज में कमी और कुछ वाहनों के इंजन के प्रदर्शन पर असर पड़ने की शिकायतें दर्ज कराई हैं। इन शिकायतों को ध्यान में रखते हुए सरकार उपभोक्ताओं को अपनी पसंद का ईंधन चुनने की सुविधा देने पर विचार कर रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि ई-20 पेट्रोल पर्यावरण संरक्षण और कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हालांकि, सभी वाहन ई-20 ईंधन के लिए पूरी तरह उपयुक्त नहीं हैं। ऐसे में सामान्य पेट्रोल का विकल्प उपलब्ध होने से वाहन मालिक अपनी गाड़ी की तकनीकी क्षमता के अनुसार ईंधन का चयन कर सकेंगे।
यदि यह प्रस्ताव लागू होता है, तो देशभर के पेट्रोल पंपों पर ईंधन वितरण व्यवस्था में बदलाव देखने को मिल सकता है और उपभोक्ताओं को अपनी जरूरत के अनुसार ईंधन चुनने की सुविधा मिलेगी।
