
शिमला। राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा चोरी मामले को लेकर मंगलवार को मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस ने शिमला में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार, कैबिनेट मंत्री, विधायक तथा पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल रहे।
प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्रियों और विधायकों के साथ राम बाजार स्थित राम मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत सभी जाखू स्थित जाखू मंदिर में भी दर्शन करने पहुंचे।
कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा वर्षों तक भगवान राम के नाम पर राजनीति करती रही है, लेकिन राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा चोरी के मामले पर अब पूरी तरह मौन है। पार्टी का कहना है कि यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय है और इसकी निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय हाल ही में शिमला में आयोजित पार्टी की बैठक में लिया गया था।
