हिमाचल में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 6 और 7 जुलाई को कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट l

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 6 और 7 जुलाई को प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। विभाग ने लोगों से नदी-नालों के समीप जाने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में आवाजाही करने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
पिछले कुछ दिनों से मंडी सहित प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बारिश के चलते मौसम सुहावना हो गया है और मैदानी क्षेत्रों में लोगों को भीषण गर्मी व उमस से राहत मिली है। सुबह और शाम के समय हो रही वर्षा से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 6 जुलाई को कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 7 जुलाई को हमीरपुर जिले को भी ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में शामिल किया गया है।
इसके अलावा 6 जुलाई को ऊना, हमीरपुर, चंबा और कुल्लू जिलों में यलो अलर्ट रहेगा। जबकि 7 जुलाई को बिलासपुर, ऊना, चंबा, कुल्लू और सोलन जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है। साथ ही प्रशासन ने भी स्थानीय लोगों और पर्यटकों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।
