शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सुक्खू सरकार को घेरने की रणनीति के तहत भारतीय जनता पार्टी ने 13 सदस्यीय प्रदेश स्तरीय चार्जशीट कमेटी का गठन किया है। समिति में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, राज्यसभा सांसद प्रो. सिकंदर कुमार, राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन, विधायक सतपाल सिंह सत्ती, रणधीर शर्मा, विक्रम ठाकुर, सुधीर शर्मा, बलवीर वर्मा, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य, विधायक त्रिलोक जमवाल तथा वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा को शामिल किया गया है।
भाजपा के अनुसार यह समिति कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल का विस्तृत आकलन कर उसकी कथित नाकामियों से संबंधित एक विस्तृत चार्जशीट तैयार करेगी। पार्टी का कहना है कि इसमें सरकार के फैसलों, चुनावी वादों, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों का तथ्यात्मक संकलन किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी और विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा गांव-गांव और घर-घर जाकर सरकार के कामकाज को जनता के सामने रखेगी तथा जनता से जुड़े मुद्दों पर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएगी।
डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा प्रदेश के विकास, सुशासन और जनता के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार आवाज उठाती रहेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को अपने चुनावी वादों और प्रशासनिक निर्णयों पर जनता के बीच जवाब देना होगा। भाजपा का दावा है कि उसका यह अभियान केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेशहित के मुद्दों को लेकर व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।
