
रामपुर, शिमला। जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्र की प्रसिद्ध श्रीखंड महादेव यात्रा को लेकर ग्राम पंचायत फांचा ने श्रद्धालुओं के लिए कड़ी चेतावनी जारी की है। पंचायत के अनुसार, जिला प्रशासन से आधिकारिक अनुमति (क्लीयरेंस) मिलने तक किसी भी श्रद्धालु को यात्रा मार्ग पर जाने की अनुमति नहीं है।
पंचायत ने कहा है कि यदि कोई व्यक्ति बिना अनुमति चोरी-छिपे यात्रा करता है या सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से लोगों को यात्रा के लिए प्रेरित करता है, तो उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 163 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पंचायत का कहना है कि प्रशासन अभी यात्रा से संबंधित सुरक्षा प्रबंध, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहा है। सभी तैयारियां पूरी होने के बाद यात्रा की आधिकारिक तिथियों की घोषणा की जाएगी।
उपप्रधान सुभाष ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर विश्वास न करें और प्रशासन की आधिकारिक अनुमति जारी होने के बाद ही यात्रा करें। यह प्रतिबंध श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगाया गया है।
