
शिमला: शिमला पुलिस ने अवैध भांग की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 2,860 भांग के पौधे बरामद किए हैं। नियमानुसार अधिकांश पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जबकि कुछ पौधों को कानूनी प्रक्रिया के तहत कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई को पुलिस चौकी डोडरा क्वार की टीम क्षेत्र में गश्त एवं कानून-व्यवस्था ड्यूटी पर थी। इसी दौरान ग्राम गोसांग में निरीक्षण के समय अवैध भांग की खेती के दो मामले सामने आए।
पहले मामले में ग्राम गोसांग के खसरा नंबर 42 में सूर्य देव निवासी धन्द्रावाड़ी की भूमि पर 1,550 भांग के पौधे पाए गए। इनमें से 1,530 पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जबकि शेष पौधों को कानूनी कार्रवाई के लिए कब्जे में लिया गया। इस संबंध में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दूसरे मामले में ग्राम गोसांग के खसरा नंबर 41 में उजंद्री देवी निवासी धन्द्रावाड़ी की भूमि पर 1,310 भांग के पौधे मिले। इनमें से 1,290 पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया तथा शेष पौधों को साक्ष्य के रूप में कब्जे में लिया गया।
पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों की जांच जारी है और अवैध मादक पदार्थों की खेती के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
